जालौन
जालौन में साप्ताहिक बंदी बेअसर, सोमवार को भी खुला बाजार
व्यापारियों की मांग के बावजूद नहीं दिखा असर, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन। नगर में साप्ताहिक बंदी व्यवस्था पूरी तरह बेअसर होती नजर आ रही है। सोमवार को निर्धारित बंदी के दिन भी बाजार खुला रहा, जिससे प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी सामने आई है।
गौरतलब है कि कई व्यापारी स्वयं सोमवार को साप्ताहिक बंदी लागू कराने की मांग कर चुके हैं। इस संबंध में उप जिलाधिकारी हेमंत पटेल को ज्ञापन सौंपकर सभी दुकानदारों से एक समान नियम पालन कराने की अपील की गई थी।
इसके बावजूद सोमवार को मुख्य बाजार सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकांश दुकानें खुली रहीं और पूरे दिन कारोबार चलता रहा। इससे यह स्पष्ट होता है कि न तो नियमों का पालन सुनिश्चित हो पा रहा है और न ही प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि साप्ताहिक बंदी लागू करनी है तो सभी पर समान रूप से सख्ती जरूरी है। कुछ दुकानों के खुलने से अन्य व्यापारी भी दुकानें खोलने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाती है।
नगरवासियों और व्यापारियों द्वारा कई बार ज्ञापन और दूरभाष के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है कि सोमवार को बंदी का कोई असर नहीं दिख रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इस स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। नगरवासियों ने मांग की है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि साप्ताहिक बंदी व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू हो सके।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मुद्दे पर कब ठोस कदम उठाता है और व्यवस्था को लागू कराने में कितनी गंभीरता दिखाता है।



