
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी विकास खंड के रिस्तल ग्राम पंचायत में खेत पर फसल की निगरानी कर रहे किसान पर कुछ हमलावरों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर किसान से ₹20,000 नकद लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, राकेश पुत्र भीम सिंह, निवासी रिस्तल, अपनी मूजी की फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक खेत में फसल चोरी करने की नीयत से पहुंचे। किसान की आंख खुलने पर उन्होंने विरोध किया, जिस पर युवकों ने किसान पर लाठी-डंडों और पिस्टल से हमला कर दिया।
हमले में किसान राकेश के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। घायल राकेश ने बताया कि हमला करने वालों में कोतवालपुर गांव के सुंदर और बिजेंद्र नामक युवक शामिल थे, जबकि एक अन्य हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है।
घटना की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल किसान को पहले लोनी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एम एम जी अस्पताल गाजियाबाद में रेफर किया गया। किसान की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है



