
नई दिल्ली । पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में ऊर्जा आपूर्ति स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति करीब 70% तक बहाल हो चुकी है और अप्रैल में अब तक 1.47 लाख टन से ज्यादा बिक्री हुई है। आइए विस्तार से जानते हैं।
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि, ‘व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति लगभग 70 प्रतिशत तक बहाल हो चुकी है और अप्रैल में अब तक 1.47 लाख टन से अधिक व्यावसायिक एलपीजी बेची जा चुकी है। पांच किलो के सिलिंडरों की बिक्री भी सुचारू रूप से जारी है। कल ही 81000 से अधिक पांच किलो के सिलिंडर बिके।
‘यूरिया उर्वरक संयंत्रों के लिए आपूर्ति 95% तक बहाल’- वहीं, यूरिया की आपूर्ति बहाल करने और संकट निवारण योजना पर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (विपणन एवं तेल शोधन) सुजाता शर्मा ने बताया कि, ‘यूरिया उर्वरक संयंत्रों के लिए आपूर्ति 95% तक बहाल कर दी गई है… संकट निवारण योजना के तहत, संकट शुरू होने के बाद से ही मंत्रालय और सरकार ने मांग और आपूर्ति को सक्रिय रूप से प्रबंधित किया है। उपायों में घरेलू रिफाइनरियों में एलपीजी उत्पादन बढ़ाना, कच्चे तेल और एलपीजी की कार्गो सुरक्षित करना और घरेलू आपूर्ति को सुरक्षित रखने के लिए विशेष निर्यात शुल्क लगाना शामिल है। इन कदमों से घरेलू बाजार में कोई कमी नहीं हुई है।’
एलपीजी की मांग और आपूर्ति पर सरकार के प्रयास
एलपीजी की मांग और आपूर्ति पर सुजाता शर्मा ने कहा, ‘जैसा कि आप जानते हैं, मांग के अनुसार प्रबंधन के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए गए हैं। बुकिंग को कुछ हद तक सुव्यवस्थित किया गया है। परिणामस्वरूप, पेट्रोल और डीजल की घरेलू आपूर्ति बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से चल रही है। घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति भी बिना किसी बाधा के हो रही है। वाणिज्यिक क्षेत्र में अभी भी कुछ समस्याएं हैं, लेकिन सरकार ने धीरे-धीरे वहां आपूर्ति बढ़ाकर लगभग 70% कर दी है। उद्योगों को किसी भी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए कोयला और केरोसिन जैसे अतिरिक्त ईंधनों की आपूर्ति बढ़ाई जा रही है। प्राकृतिक गैस की आपूर्ति घरेलू उपभोक्ताओं और परिवहन (सीएनजी) के लिए 100% है, और ग्रिड पर औद्योगिक उपयोगकतार्ओं के लिए लगभग 80% है। सरकार ने हर स्तर पर जनता को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए कदम उठाए हैं।’
भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की- रणधीर जायसवाल- पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान की गंभीर स्थिति के बीच भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ईरान और आसपास के क्षेत्र में हालात बेहद चुनौतीपूर्ण बने रहे, हालांकि अब युद्धविराम लागू है।
उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद ईरान स्थित भारतीय दूतावास लगातार काम करता रहा। भारतीय राजदूत और दूतावास की टीम ने राष्ट्रीय हित में निरंतर सहायता प्रदान की, जो बेहद प्रेरणादायक है। प्रवक्ता के अनुसार, दूतावास के प्रयासों से 2,400 से अधिक भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालकर स्वदेश लाया गया। भारत सरकार ने संकट के समय अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।



