ललितपुर

विहान बालिका आवासीय विद्यालय में एचपीवी टीकाकरण व स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। विहान बालिका आवासीय विद्यालय (निर्माण श्रमिक) में छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु एचपीवी टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वार्डेन सावित्री की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें विज्ञान शिक्षिका जाग्रति चतुर्वेदी, गणित शिक्षिका आकांक्षा पाण्डेय, हिंदी शिक्षिका अंकिता सिंह, कम्प्यूटर शिक्षिका अभिलाषा यादव, शारीरिक शिक्षिका प्रियंका नामदेव एवं लेखाकार नेहा कुशवाहा उपस्थित रहीं। संचालन स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किया गया, जिसमें डिप्टी सीएमओ शिव प्रकाश, जिला संक्रामक रोग नियंत्रण अधिकारी डा.राजेश भारती, चिकित्सा अधिकारी डा.सोनाली तिवारी एवं अन्य स्टाफ शामिल रहे। इस दौरान छात्राओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें एचपीवी टीके के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में अत्यंत सहायक है। यह कैंसर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण के कारण होता है और शुरुआती चरण में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते, जिससे समय पर जांच बेहद जरूरी हो जाती है। स्वास्थ्य टीम ने छात्राओं को इस बीमारी के लक्षणों जैसे असामान्य रक्तस्राव, पेट के निचले हिस्से में दर्द और असामान्य डिस्चार्ज के प्रति जागरूक किया। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच, विशेषकर पैप स्मीयर टेस्ट कराने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंतर्गत 14 वर्षीय बालिकाओं के राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत कक्षा 8 की छात्राएं शिवानी, आराधना और राखी का एचपीवी टीकाकरण भी किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्यकर्मियों ने छात्राओं को स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया। विद्यालय परिवार ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button