बरेली
पालि भाषा की परीक्षा मेधावियों का जलवा, प्रदेश में किया टॉप; विधायक ने किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। भगवान गौतम बुद्ध के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर उनके शांति, प्रेम और भाईचारे के संदेश को जन-मानस में प्रसारित करने के उद्देश्य से आयोजित पालि भाषा परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए। शुक्रवार को गौतम बुद्ध पार्क में आयोजित सम्मान समारोह में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने अजय प्रसाद, प्रदीप कुमार गुप्ता, भूपेंद्र गंगवार और सूरज गंगवार के साथ संयुक्त रूप से मेधावी शिक्षकों, इंजीनियरों और गृहणियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रदेश की मेरिट में बरेली का दबदबा
परीक्षा में अलीनगर उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक धीर सिंह बौद्ध, सेवानिवृत्त शिक्षक नंदलाल और चंद्र प्रभा गौतम ने 92% अंक प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर टॉप किया। वहीं, लाड़पुर की शिक्षिका दीपा आर्या, इंजीनियर अमर सिंह और गृहणी शोभा चंद्रा ने 91%अंकों के साथ सफलता का परचम लहराया।
पिता-पुत्र की जोड़ी ने भी पेश की मिसाल
शिक्षा के प्रति समर्पण का अनूठा उदाहरण देते हुए कंपोजिट विद्यालय चेना मुरारपुर के शिक्षक सुरजेश सागर ने 82% और उनके पुत्र सौरभ सागर** ने 85% अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की। विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाओं का विस्तार ही समाज में शांति और सद्भाव का आधार है। पालि भाषा के माध्यम से इस ज्ञान को आगे बढ़ाना अत्यंत सराहनीय प्रयास है।
सम्मान समारोह के दौरान प्रभारी सीडीपीओ बिथरी चैनपुर विमला कुमारी, जसवीर सिंह राणा, हरपाल सिंह, ओमकार, मेवाराम और ओमप्रकाश विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने 13 प्रबुद्ध परीक्षार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।




