झुंझुनू
लाडो को घोड़ी पर बैठाकर निकाली बिंदोरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गुढ़ागौड़जी। क्षेत्र के धमोरा गांव में बेटियों के सम्मान और गौरव को समर्पित एक अनोखी व प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। गांव के श्रीराम जाखड़ एवं संतोष देवी परिवार द्वारा अपनी लाडली बेटी नेहा की बिंदोरी बड़े ही सम्मान और धूमधाम के साथ घर से गोगामेड़ी धाम तक निकाली गई। पंचायत समिति सदस्य कमल जाखड़ की बहन नेहा जाखड़ की शादी का इस विशेष आयोजन ने पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया और लोगों का ध्यान आकर्षित किया। परंपरागत रूप से बिंदोरी को सामाजिक उत्सव और सम्मान का प्रतीक माना जाता है, लेकिन इस आयोजन को परिवार ने बेटी के सम्मान और समान अधिकारों से जोड़ते हुए समाज के सामने एक नई सोच प्रस्तुत की। बिंदोरी में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए। पूरे रास्ते में बेटी के सम्मान में जयकारे लगाए गए तथा लोगों ने इस पहल की सराहना की। परिवारजनों ने कहा कि बेटियां किसी भी परिवार पर बोझ नहीं होतीं, बल्कि वे परिवार का अभिमान और गौरव होती हैं। जिस घर में बेटियों का सम्मान होता है, वहां हमेशा सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है। नेहा जाखड़ की कल शादी होना है जिसकी पूर्व संध्या पर घोड़ी पर बैठाकर डीजे के साथ बिंदोरी निकाली। उन्होंने समाज से भी बेटियों को समान अवसर और सम्मान देने की अपील की। धमोरा गांव की यह पहल आज के समाज के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरी है। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सोच में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों को मजबूती प्रदान करते हैं। यह आयोजन समाज में बेटियों के सम्मान और समान अधिकारों की मिसाल बन गया।



