मथुरा
मथुरा में 4 स्कूली वाहन सीज, 11 बुलेट पर कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। परिवहन विभाग ने जनपद में स्कूली वाहनों एवं यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। सुबह छह बजे से शुरू हुए अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग की। अभियान के दौरान विभाग ने पाया कि जिले में 95 स्कूली वाहनों के परमिट समाप्त हो चुके हैं जबकि 54 वाहनों की फिटनेस अवधि खत्म हो चुकी है। इसके अलावा 88 वाहन 15 वर्ष की निर्धारित आयु पूरी करने के बाद भी संचालित हो रहे हैं। विभाग द्वारा पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद कई स्कूल संचालकों ने वाहनों के दस्तावेजों का नवीनीकरण नहीं कराया। कार्रवाई करते हुए चार स्कूली वाहनों के परमिट समाप्त कर छह वाहनों के चालान काटे गए। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाने वाले दोपहिया वाहनों की भी जांच की गई। जांच में 11 बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध साइलेंसर पाए गए, जिनके चालान किए गए। प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 24 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। अभियान में एआटीओ प्रवर्तन सत्येंद्र सिंह, यात्रीकर अधिकारी पूजा सिंह और संदीप चौधरी आदि शामिल रहे।



