मीरपुर हिंदू लोनी की गौशाला में अव्यवस्थाएं मिलने पर गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल नाराज
संचालक संस्था को लगाई फटकार

निरीक्षण के दौरान गोवंश के भरण-पोषण और रखरखाव में सुधार के निर्देश, नियमित निगरानी करने को कहा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। विकासखंड लोनी के मीरपुर हिंदू स्थित बृहद गो संरक्षण केंद्र में व्यवस्थाओं की स्थिति को लेकर गोसेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल ने अपनी नाराजगी जताई। बुधवार, 4 नवंबर को गौशाला का निरीक्षण करने पहुंचे आयोग के सदस्य दीपक गोयल ने गोवंश के भरण-पोषण, हरे चारे, दाना-भूसा, साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान व्यवस्थाओं में अपेक्षित गंभीरता नहीं मिलने पर उन्होंने गौशाला का संचालन कर रही संस्था के प्रतिनिधि को कड़ी हिदायत देते हुए सभी व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि मीरपुर हिंदू स्थित गौशाला ट्रस्ट को सौंपे जाने के बाद से ही गोवंश की उचित देखभाल नहीं होने, हरे चारे और पौष्टिक आहार की पर्याप्त उपलब्धता न होने तथा गोवंश की मृत्यु होने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। इन शिकायतों को लेकर गौशाला की व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में हैं। लगातार मिल रही शिकायत के वावजूद भी दोषी लोगों के खिलाफ कार्यवाही ना करने के पीछे अधिकारियों की अनदेखी या संरक्षण भी है जिसके चलते सम्बंधित ट्रस्ट का अनुबंध समाप्त नहीं किया जा रहा है
निरीक्षण के दौरान दीपक गोयल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशाला में संरक्षित प्रत्येक गोवंश के लिए प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, दाना और भूसा उपलब्ध कराया जाए। साफ-सफाई के साथ पशुओं के स्वास्थ्य और खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि भविष्य में व्यवस्थाओं का संचालन अपनी प्रत्यक्ष निगरानी में करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
उन्होंने आगामी गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौशाला की रंगाई-पुताई और विशेष सफाई कराने के साथ समारोहपूर्वक गोपूजन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों को आमंत्रित कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
इसी क्रम में 5 नवंबर को विकासखंड भोजपुर के ग्राम खंजरपुर स्थित अस्थायी गो आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया गया। यहां गोपूजन कार्यक्रम आयोजित कर गोवंश का विधिवत पूजन किया गया। आयोग के सदस्य ने यहां भी चारा, दाना, भूसा और पशुओं के बेहतर रखरखाव की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए और प्रतिदिन की व्यवस्थाओं एवं गोवंश की स्थिति का रिकॉर्ड रखा जाए। पात्र गोवंश को इच्छुक एवं योग्य पशुपालकों की सुपुर्दगी में देने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए।
दीपक गोयल ने कहा कि गोवंश का संरक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का विषय है। संबंधित विभागों और गौशाला संचालकों को शासन की मंशा के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी। उन्होंने मीरपुर हिंदू गौशाला का शीघ्र दोबारा निरीक्षण करने की बात कहते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की अपेक्षा जताई।


