सहकारी बैंक के पास जर्जर बिजली का पोल, हादसे का इंतजार कर रहा विद्युत विभाग।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना,शामली : चौसाना बाईपास पर सहकारी बैंक के निकट बिजली विभाग की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। यहां विद्युत पोल का निचला हिस्सा जंग लगने के कारण पूरी तरह गल चुका है और पोल हवा में लटका हुआ है। इसके ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है।
स्थानीय लोगों व व्यापारियों के अनुसार सहकारी बैंक के निकट स्थित विद्युत पोल का निचला हिस्सा पूरी तरह जंग लगने से कमजोर हो चुका है। पोल की हालत इतनी खराब है कि वह किसी भी समय गिर सकता है। इसके बावजूद विभाग ने न तो पोल को बदलने की जहमत उठाई और न ही उसे सुरक्षित करने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की है। पोल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन खतरे को और गंभीर बना रही है।इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों के साथ राहगीरों का आवागमन होता है। बाईपास के चौराहे पर व्यापारिक प्रतिष्ठान होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यदि अचानक पोल गिरता है या बिजली के तार टूटते हैं तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। करीब एक साल बीतने के बाद भी मरम्मत या पोल बदलने की कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर जर्जर पोल को बदलवाने और हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित कराने की मांग की है। इस दौरान संजीव सैनी,कुलदीप सैनी,सचिन सैनी,प्रदीप सैनी,सचिन पांचाल,नौमान राणा,जमील,अहमद,सुलेख अहमद आदि मौजूद रहे।

