गोड्डा

अवैध क्लिनिक बना मौत का अड्डा

प्रसव के दौरान गर्भवती की मौत, तीन गिरफ्तार, क्लिनिक सील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
सुंदरपहाड़ी में झोला छाप डॉक्टरों की लापरवाही से गई महिला की जान
SIT की ताबड़तोड़ कार्रवाई में ऑपरेशन उपकरण और दवाइयों समेत भारी सामान जब्त
गोड्डा:  जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां अवैध क्लिनिक में प्रसव कराने के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और क्लिनिक को सील कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, 6 मई 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सरैय टोला बांसजोरी में संचालित एक अवैध क्लिनिक में झोला छाप डॉक्टरों द्वारा लापरवाही से इलाज करने के कारण गर्भवती महिला मीरा मालतो की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही सुंदरपहाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतका के पति चार्लिस मालतो के लिखित आवेदन के आधार पर सुंदरपहाड़ी थाना कांड संख्या 13/2026 दर्ज किया गया। इस मामले में अज्ञात क्लिनिक संचालक, झोला छाप डॉक्टरों, सहिया और अन्य लोगों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक रविदास के नेतृत्व में SIT टीम का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में क्लिनिक संचालक मोहम्मद अंसारी, झोला छाप डॉक्टर मोहम्मद हेमायतुल्ला और सहिया सारा मालतो शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान क्लिनिक से ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, ऑक्सीजन सिलेंडर, O.T बेड, सर्जिकल उपकरण, दवाइयां, मरीजों के रिकॉर्ड और नकद राशि समेत भारी मात्रा में सामान जब्त किया है। इसके बाद अवैध क्लिनिक को सील कर दिया गया। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में अवैध क्लिनिकों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button