शामली
आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक जारी, एक दर्जन से अधिक लोग पहुंचे अस्पताल
एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल, लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन हो रहे हमलों से लोग दहशत में हैं। सोमवार को नगर के सरकारी अस्पताल में एक दर्जन से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने पहुंचे। पीड़ितों ने बताया कि आवारा कुत्ते और बंदर सड़कों, मोहल्लों और गलियों में लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
सोमवार को अस्पताल पहुंचने वालों में शकुंतला, निखिल, आसमा, फातिमा, रितेश, रोशनवती सहित कई बच्चे शामिल रहे। सभी ने बताया कि नगर एवं क्षेत्र में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि पिछले एक वर्ष से लगातार प्रशासन से आवारा कुत्तों के बंध्याकरण और बंदरों को पकड़वाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
सरकारी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुत्ते या बंदर के काटने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत अस्पताल पहुंचकर वैक्सीन लगवाएं।