परिवहन व्यवस्था की बदहाली से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना और डांगरोल में परिवहन व्यवस्था की लापरवाही के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन सुबह दर्जनों छात्र-छात्राएं स्कूल जाने के लिए डांगरोल बस अड्डे पर पहुंचते हैं, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी उन्हें समय पर बस या अन्य साधन उपलब्ध नहीं हो पाते।
बसें समय पर न मिलने के कारण छात्र देरी से स्कूल पहुंचते हैं और कई बार स्कूल का गेट बंद होने से उन्हें बिना पढ़ाई किए वापस लौटना पड़ता है। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि परिवहन विभाग की अनदेखी का सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है।
अभिभावकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए बस ही स्कूल पहुंचने का मुख्य साधन है, लेकिन बसों का नियमित संचालन नहीं होने से रोजाना परेशानी बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से स्कूल समय के दौरान डांगरोल बस अड्डे पर बसों का नियमित ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की है।
लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।