शामली
ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, युवक की मौत, साथी घायल
टपराना में टाटा मोटर्स के सामने हादसा, दोनों रिश्ते में बुआ-मामा के बेटे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर टपराना में टाटा मोटर्स के सामने बुधवार को खड़े डस्ट से भरे ट्रक में पीछे से बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे का उपचार चल रहा है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।मेरठ के थाना जानी क्षेत्र के गांव पूटरी निवासी साहिल अली जैदी (25) पुत्र तनवीर अपने रिश्ते के भाई हासिम उर्फ शाहरुख पुत्र दिलजार निवासी गांव जानी के साथ बाइक से करनाल जा रहा था। टपराना में टाटा मोटर्स के सामने हाईवे पर खड़े डस्ट से भरे ट्रक में बाइक पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने साहिल अली जैदी को मृत घोषित कर दिया, जबकि हासिम उर्फ शाहरुख का उपचार चल रहा है। दोनों रिश्ते में बुआ-मामा के बेटे बताए गए हैं।मृतक के जीजा फैजान ने बताया कि साहिल दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह किसी काम से करनाल जा रहा था। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को अस्पताल भिजवाया गया था। चिकित्सकों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
