कैराना
बाईपास पुल के नीचे सट्टे का खेल, खाईबाड़ी करते एक गिरफ्तार
सट्टा पर्ची, गत्ता व नकदी बरामद, जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कैराना पुलिस ने अवैध सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खाईबाड़ी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्चियां, गत्ता, पेंसिल और नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार देर शाम उपनिरीक्षक विनोद राघव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कैराना-शामली बाईपास पुल के नीचे एक युवक सट्टे की खाईबाड़ी कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सट्टा पर्चियां, गत्ता, पेंसिल तथा 230 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इस्लाम पुत्र लियाकत निवासी मोहल्ला आलकला, कस्बा कैराना बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध रूप से सट्टे के नंबर लिखकर खाईबाड़ी कर रहा था। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया है।
