
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : भाजपा की जिला योजना समिति सदस्य एवं वार्ड-42 की सभासद सुनीता सोम ने अंकुर विहार क्षेत्राधिकारी (ACP) को शिकायती पत्र देकर एक व्यक्ति पर अपने परिवार को परेशान करने, अभद्र व्यवहार करने और सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने का आरोप लगाया है।
शिकायती पत्र के अनुसार, सुनीता सोम ने बताया कि वह अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्य करती रही हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से बलराम नगर निवासी राहुल सिंघल पुत्र मोहनलाल निजी द्वेष के चलते उनके और उनके परिवार की सामाजिक एवं राजनीतिक छवि खराब करने का लगातार प्रयास कर रहा है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति उनके घर के सामने गाड़ी खड़ी कर शराब पीता है तथा मना करने पर उनके पति और बच्चों के साथ झगड़ा एवं अभद्र व्यवहार करता है। इसके अलावा, व्हाट्सएप ग्रुप पर भी उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक, अभद्र एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने की बात भी कही गई है।
सुनीता सोम ने कहा कि बिना किसी ठोस आधार के उनके परिवार को बार-बार परेशान किया जा रहा है, जिससे सामाजिक प्रतिष्ठा और मानसिक शांति प्रभावित हो रही है। उन्होंने एसीपी अंकुर विहार से मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


