गाजियाबाद
लोनी में 2.90 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : राष्ट्रीय लोकदल की लोनी नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने शुक्रवार को वार्ड नं. 2, 3 और 5 के अंतर्गत पंचवटी कॉलोनी, राज नगर, न्यू रामप्रस्थ विहार और उत्तरांचल विहार में लगभग 2 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया।
इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रंजीता धामा ने कहा कि क्षेत्र के विकास में जनता के सहयोग और विश्वास की सबसे बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का काम कर रहे हैं, जिसके कारण लोनी में सुंदर और टिकाऊ सड़कें तथा स्वच्छ वातावरण देखने को मिल रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि नगरपालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों और स्वच्छता अभियान में सहयोग करें तथा कूड़ा केवल नगरपालिका की कूड़ा गाड़ी में ही डालें, ताकि शहर साफ-सुथरा बना रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष ने लोगों को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। इस अवसर पर सभासद धर्मेन्द्र, पूजा पार्चा, सुमित पार्चा, चौधरी जयवीर, राजकुमार, चरण सिंह, यशपाल चौधरी, टिल्लू प्रधान, राजपाल राठी, संजीव टिकैत, अशोक बालियान, विपिन तोमर सहित सैकड़ों की संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।




