
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। थाना लोनी क्षेत्र के गांव बादशाहपुर सिरौली निवासी सुरेन्द्र कुमार ने पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) गाजियाबाद को अपना प्रार्थना पत्र देकर दर्ज मुकदमे में हत्या के प्रयास की गंभीर धाराएं बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की है। पुलिस अधिकारी को सौंपे अपने प्रार्थना पत्र में सुरेन्द्र कुमार ने उल्लेख किया है कि 13 मई की शाम गांव के ही कुछ नामजद लोगों ने कथित रूप से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुसकर उसे और उनके भाई सुभाष बसल पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनके सिर और शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर वार किए तथा जान से मारने की नीयत से हमला किया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना से पहले भी आरोपियों ने 9 म ई को भी भुगत लेने की धमकी दी थी। हमले के बाद पुलिस ने दोनों घायलों का लोनी के संयुक्त चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराया । जिसमे उन्हें गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई। चिकित्सको ने हालत गंभीर पाए जाने पर उन्हें दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया
पीड़ित ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटें आने के बावजूद लोनी पुलिस ने मुकदमे में हल्की और जमानती धाराएं लगाई हैं। पीड़ित ने इसे प्रभाव में की गई कार्रवाई बताते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग की है।
साथ ही पीड़ित परिवार ने आरोपियों से लगातार जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने और सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।



