बेतुल
बैतूल प्रभात पट्टन स्वास्थ्य शिविर में आयुष विभाग ने 141 मरीजों का किया उपचार
आयुर्वेद और योग से मरीजों को मिली राहत, निशुल्क दवाइयां बांटी गईं

विधायक चंद्रशेखर देशमुख की मौजूदगी में लगा स्वास्थ्य शिविर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभात पट्टन में जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में आयुष विभाग की टीम ने आधुनिक चिकित्सा पद्धति के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख एवं खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप धुर्वे उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिला स्तरीय विशेषज्ञ टीम और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में चिकित्सकों और स्वास्थ्य टीम के कार्यों की सराहना की। जिला आयुष अधिकारी डॉ.योगेश चौकीकर ने बताया कि शिविर में आयुर्वेद पद्धति के माध्यम से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, रक्ताल्पता, उदर रोग सहित विभिन्न बीमारियों का उपचार किया गया तथा मरीजों को निशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
शिविर में डॉ. नंदकिशोर भोयरे, डॉ. तरुलता आठनेरे, राहुल खादीकर, शारदा खासदेव, मोहित दातीर और राज आदवारे ने सेवाएं दीं। योग प्रशिक्षक मोहित दातीर एवं योग सहायक राज आदवारे द्वारा योग गतिविधियां कर लोगों को योग का प्रशिक्षण भी दिया गया। आयुष विभाग की ओर से कुल 141 मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया।



