मथुरा

वृंदावन की परिक्रमा मार्ग  में ई रिक्शा,  ट्रैक्टर-ट्रॉली पर प्रतिबंधित

पुलिस का रहेगा पहरा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में पुरुषोत्तम मास अधिक मास में देश दुनिया के लाखों श्रद्धालु वृंदावन की पंचकोसीय परिक्रमा करेंगे तो हजारों श्रद्धालु दंडवती परिक्रमा करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने ठोस योजना बनाई है। परिक्रमा को जोड़ने वाले हर कट पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ड्यूटी से नदारद पाए गए पुलिसकर्मी के खिलाफ रपट दर्ज करवाई जाएगी। जबकि ई-रिक्शा व ट्रैक्टर का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शहर के व्यस्ततम इलाकों, मंदिरों के आसपास भी ई-रिक्शा संचालन प्रतिबंधित करने के लिए पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया जा रहा है। पूरे परिक्रमा मार्ग में ई-रिक्शा की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। जबकि पानी के टैंकरों एवं अन्य सामान लेकर दौड़ने वाले ट्रैक्टर ट्राॅली पर भी रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग के लगभग बारह किलाेमीटर दायरे में दो सौ कट ऐसे हैं जो कि शहर के अंदर आने के रास्ते बने हुए हैं। इन सभी कटों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। ताकि कोई भी भारी वाहन अथवा आटो और ई-रिक्शा की एंट्री परिक्रमा मार्ग में न हो सके। पुरुषोत्तम मास शुरू होने के साथ ही तीर्थनगरी की पंचकोसीय परिक्रमा में श्रद्धालुओं की भीड़ में लगातार वृद्धि हो रही है। दो दिनों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने ठोस योजना बनाकर धरातल पर उतारने का मन बनाया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button