गाजियाबाद
गौशालाओं के निरीक्षण में व्यवस्थाओं की कमी उजागर
गर्मी से बचाव के इंतजाम बढ़ाने के निर्देश उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने लोनी स्थित गौशालाओं का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : नगर पालिका परिषद लोनी स्थित गौशालाओं का गुरुवार को सहायक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशालाओं में कई व्यवस्थागत कमियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने दुर्घटनाग्रस्त गायों के लिए गाय लिफ्टर खरीदने के निर्देश दिए। साथ ही भीषण गर्मी और लू से पशुओं के बचाव के लिए स्प्रिंग फव्वारे लगाने की आवश्यकता बताई।
पानी की टंकी के पास स्थित गौशाला में लगे 22 पंखों में से 6 पंखे खराब पाए गए। इस पर उन्होंने नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए खराब पंखों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। गौशाला में कुछ कूलर लगे मिले, लेकिन उनकी संख्या पर्याप्त न होने पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि शासन के निर्देशों के बावजूद गर्मी और लू से बचाव के पर्याप्त इंतजाम अभी तक नहीं किए गए हैं। इसके चलते बीमार और कमजोर पशुओं की संख्या बढ़ने की बात भी सामने आई।
सफाई निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि गौशाला में जल्द ही फ्लैक्सी सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्डों पर संरक्षित पशुओं का विवरण, पौष्टिक आहार, भूसे की उपलब्धता, केयरटेकर के नाम तथा संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर अंकित किए जाएंगे।
हालांकि, जब शासनादेश के अनुरूप गर्मी से बचाव की व्यवस्थाओं के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने जल्द सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने क्षेत्र में खुलेआम घूम रहे निराश्रित पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित करने तथा शासनादेश के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड-41 के सभासद अंकुश जैन ‘मिकू’, जिन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत की थी, तथा सफाई निरीक्षक राजकुमार भी मौजूद रहे।
इसके अलावा भूसा संग्रह कार्य में अपेक्षित रुचि न लेने पर भी डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने नाराज़गी ज़ाहिर की और व्यवस्थाओं में सुधार लाने पर जोर दिया।
निरीक्षण में सामने आई प्रमुख कमियां
दुर्घटनाग्रस्त गायों के लिए गाय लिफ्टर उपलब्ध नहीं
लू से बचाव के लिए स्प्रिंग फव्वारों की व्यवस्था नहीं
22 में से 6 पंखे गौशाला में खराब मिले
कूलरों की संख्या अपर्याप्त पाई गई
गर्मी और लू से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं
सूचना बोर्ड गौशाला में नहीं लगे मिले
भूसा संग्रह कार्य में लापरवाही
निराश्रित पशुओं के संरक्षण की व्यवस्था कमजोर
शासनादेश के अनुरूप सुविधाओं का अभाव पाया गया जिसे शीध्र दूर करने के लिए कहा गया




