ललितपुर
अघोषित बिजली कटौती के विरोध में व्यापार मंडल का विशाल मशाल जुलूस
स्मार्ट मीटर पर रोक, लो-वोल्टेज व ट्रिपिंग से नाराज व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती, बार-बार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज तथा स्मार्ट मीटरों को लेकर बढ़ते जनाक्रोश के बीच व्यापार मंडल ने बुधवार को नगर में विशाल मशाल जुलूस निकालकर विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। स्टेशन कृष्णा क्षेत्र से निकाले गए इस मशाल जुलूस में व्यापारियों ने हाथों में मशालें लेकर नारेबाजी की और विद्युत व्यवस्था को तत्काल सुचारु किए जाने की मांग उठाई। व्यापारी नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ माह से विद्युत विभाग की अकर्मण्यता के चलते जनपद की जनता भीषण गर्मी में परेशान है। 44 डिग्री तापमान के बीच रात-रात भर बिजली की आंख-मिचौली से आम नागरिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल द्वारा बीते दिनों नगर की सड़कों पर व्यापक प्रदर्शन किया गया था तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर जिला प्रशासन को भी समस्या के समाधान के लिए अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। व्यापार मंडल ने स्मार्ट मीटरों को प्रतिबंधित किए जाने, स्मार्ट मीटरों के नाम पर प्रदेश भर में हुई लगभग 200 करोड़ रुपये की कथित अधिक वसूली वापस कराए जाने तथा स्मार्ट मीटरों की जांच किसी अधिकृत एजेंसी से कराए जाने की भी मांग की। नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विद्युत व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो व्यापारी समाज जनहित में और बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। मशाल जुलूस एवं ज्ञापन कार्यक्रम में प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, जिलाध्यक्ष प्रदीप त्रिपाठी, नगराध्यक्ष महेश जैन, अनिल अंचल, पंकज जैन, नवीन सिंघई, अशोक अनौरा, मुकेश जैन, अभय जैन एड., अरविंद जैन, ज्ञानप्रकाश खंडेलवाल, आईटी मंच अध्यक्ष अंकित सतभैया, राजीव सुडेले, अविरल जैन, मनोज सोनी मज्जू, राहुल मोदी, राजवीर सिंह, नवीन, रोहित, रिक्की, राजीव चौधरी, पदमचंद, अवनीश जैन, सतीश, अजय साहू, अनुज जैन, सक्षम दीक्षित, आकर्ष जैन, दीपक चौधरी, लक्की चौधरी, जयनारायण शर्मा, विनोद जैन, बासु जैन, सुनील, स्वप्निल जैन, आकाश जैन, रितेश जैन, सुमत जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
