बरेली
बरेली-बदायूं बॉर्डर पर खनन माफियाओं का आतंक आरटीओ की टीम ने दबोचा बेलगाम ट्रक
टक्कर मारकर भागा ड्राइवर गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : बदायूं बॉर्डर पर अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ RTO का शिकंजा कस गया है। 21-22 मई को रात 12 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले सघन अभियान में खनन माफियाओं के होश उड़ गए। 5 अफसरों की स्पेशल टीम ने 8 थाना क्षेत्रों में डम्पर, ट्रक, JCB की चेकिंग कर हड़कंप मचा दिया।
बिना नंबर प्लेट दौड़ा रहा था का ट्रक, पुलिस पर किया हमला
रामनगर-आंवला मार्ग पर बड़ा एक्शन हुआ। वैभव सोती, रमेश चन्द्र प्रजापति, विनय कुमार मिश्रा, हरिओम और अभिनव चौधरी की संयुक्त टीम ने बिना नंबर प्लेट के रेत से लदे आर्टिक्युलेटेड ट्रक UP23AT3158 को रोकने की कोशिश की। ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय प्रवर्तन दल की सरकारी गाड़ी में टक्कर मार दी और बैरियर तोड़कर भाग निकला। कई किलोमीटर तक फिल्मी स्टाइल में पीछा करने के बाद पुलिस-परिवहन टीम ने ट्रक को घेर लिया।
55 टन की जगह 95 टन वजन, 2.37 लाख ठोका जुर्माना
जांच में खुलासा हुआ कि ट्रक का कुल वजन 95,310 किलो था, जबकि लिमिट सिर्फ 55,000 किलो है। यानी 40,310 किलो ओवरलोड। टैक्स भी बकाया था। मोटरयान अधिनियम और कराधान अधिनियम के तहत चालान संख्या UP299001260522115008 जारी कर 2,37,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। ट्रक को सीज कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। ड्राइवर और उसका साथी खेतों में भागे, एक आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया।
मुख्यमंत्री के आदेश पर एक्शन, FIR दर्ज
मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में आंवला, सिरौली, भमोरा, अलीगंज, फैजगंज, वजीरगंज, बिसौली, बिनावर इलाके में सख्ती है। RTO ने साफ किया है कि सरकारी काम में बाधा, टक्कर मारने और अभद्रता पर सीधी FIR होगी।
आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता, मोटरयान अधिनियम, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम में केस दर्ज हो रहा है। डीएम और एसएसपी बरेली-बदायूं को भी पुलिस फोर्स लगाने के निर्देश हैं। परिवहन विभाग ने कहा कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर ऐसा अभियान आगे भी जारी रहेगा।



