गाजियाबाद

बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शहर से गांव तक विशेष निगरानी

मस्जिदों के आसपास चलाया गया सफाई अभियान, कुर्बानी के अवशेषों के निस्तारण के लिए भी विशेष व्यवस्था

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : बकरीद के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। शहरी क्षेत्रों में जहां संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल और विशेष निगरानी टीम तैनात की गई है, वहीं ग्रामीण इलाकों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण बनाए रखना भी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत असालतपुर फरुखनगर, चिरोडी और बदरपुर स्थित मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। पंचायत कर्मचारियों द्वारा मस्जिदों के आसपास फैली गंदगी और कूड़े-कचरे को हटाकर पूरे क्षेत्र को साफ कराया जा रहा है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत अजीत सिंह ने  बताया कि त्योहार के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
इसके अलावा प्रशासन ने कुर्बानी के बाद पशुओं के अवशेषों के उचित निस्तारण की भी व्यवस्था के  निर्देश दिए है। अधिकारियों के अनुसार यदि गांवों में कहीं भी पशुओं के अवशेष खुले में पाए जाते हैं तो उन्हें तुरंत गड्ढा खोदकर दबाया जाएगा, ताकि गंदगी न फैले और संक्रमण जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए पंचायत स्तर पर कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
शहरी क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राशिद गेट के सामने, पाभी सादकपुर सड़क किनारे तथा बेहटा हाजीपुर , डाबर तालाब क्षेत्र में सुबह बड़ी संख्या में नमाजियों द्वारा ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की जाएगी। इन स्थानों को संवेदनशील मानते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त करने और भीड़ प्रबंधन पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button