गोड्डा

प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सीएचसी का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
मेहरमा। गोड्डा उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने मेहरमा प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, कार्यालय संचालन, अभिलेख संधारण तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए कहा कि जनता के कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी कर्मी पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें ताकि लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधा मिल सके।
उपायुक्त ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के संचालन, राजस्व संबंधित मामलों तथा कार्यालय में रखे अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके बाद उपायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, साफ-सफाई व्यवस्था एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें तथा उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी एवं प्रखंड कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button