ललितपुर
कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई पं.जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि
कांग्रेसजनों ने चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, लोकतंत्र और भाईचारे को मजबूत करने का लिया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पं.जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम जिलाध्यक्ष डा. दयाराम रजक की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उनके महान योगदान को याद किया गया। आयोजित गोष्ठी में जिलाध्यक्ष ने कहा कि पं.जवाहर लाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे। उन्होंने देश को लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच की मजबूत नींव प्रदान की। उनके नेतृत्व में भारत ने शिक्षा, उद्योग, कृषि एवं विज्ञान के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने कहा कि नेहरूजी ने बड़े-बड़े बांध, सार्वजनिक उद्योग, आईआईटी, वैज्ञानिक संस्थान और शिक्षा केन्द्र स्थापित कर देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। उनका सम्पूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता तथा गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के उत्थान के लिए समर्पित रहा। रामनरेश दुबे ने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से अत्यधिक स्नेह करते थे, इसी कारण उन्हें चाचा नेहरू के नाम से जाना जाता है। उनका सपना था कि भारत शिक्षा, विज्ञान और भाईचारे के मार्ग पर आगे बढ़े तथा विश्व में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाए। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में देश को पं.नेहरू के विचारों और आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए उनके सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वह नेहरूजी के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करेंगे। संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश रजक ने किया। इस दौरान रफीक अली, कुलदीप पाठक (एनएसयूआई), असलम खान, हीरालाल सेन, चीकू पठान, सीताराम राय, रामवरन राजपूत, वीरन सिंह, नेहा तिवारी (महिला जिला अध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पं.जवाहर लाल नेहरू के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।



