ललितपुर
बाल्मीकि समाज की बेरोजगार महिलाओं को मिले रोजगार : मंजीत करौसिया
नगर पालिका में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मी के पदों पर नियुक्ति को लेकर सफाई मजदूर संघ ने सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ ने नगर पालिका परिषद में बाल्मीकि समाज की गरीब एवं बेरोजगार महिलाओं को आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी के पदों पर नियुक्त किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में बुधवार को संघ के पदाधिकारियों ने अधिशाषी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की। संघ के कार्यवाहक प्रान्तीय अध्यक्ष मंजीत करोसिया के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि बाल्मीकि समाज की अनेक महिलाएं लंबे समय से बेरोजगारी और आर्थिक तंगी का सामना कर रही हैं। परिवार की जिम्मेदारियों और आय के अभाव के कारण उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। ज्ञापन में कहा गया कि यदि नगर पालिका परिषद इन महिलाओं को आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई कर्मचारी के पदों पर तैनाती देती है, तो इससे उन्हें स्थायी रोजगार का सहारा मिलेगा और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। संघ ने इसे सामाजिक और मानवीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बताते हुए प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ विचार करने की अपील की है। पदाधिकारियों ने कहा कि बाल्मीकि समाज परंपरागत रूप से सफाई कार्य से जुड़ा रहा है, लेकिन वर्तमान समय में रोजगार के सीमित अवसरों केकारण समाज की महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में नगर पालिका द्वारा आउटसोर्सिंग भर्ती में प्राथमिकता दिए जाने से कई जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सकती है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बृजेश कुमार, आरती, पूनम, सपना, सीमा, राधा, किरन, नीतू, संजना, काजल, करनजीत, प्रीति, काजल, ज्योति, किरन, अरूना, सुषमा, नविता, रंजना, नविता, सरोज, शीतल, नीतू, आरती, वंदना, आरती, अनीता, नेहा, वर्षा, प्रभा, रेखा, पूजा, नेहा, नीतू, काजल, हेमा, कंचन, भारती, रंजीता, आरती, कल्पना, सपना, सरोज, नेहा, अमिता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संघ ने उम्मीद जताई कि नगर पालिका प्रशासन जल्द ही इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर बेरोजगार महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करेगा।



