हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद लगी साप्ताहिक बाजार, प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
भकरौली में न्यायालय के निर्देशों की अनदेखी का आरोप जांच में बाजार संचालित मिली

गुन्नौर/धनारी। धनारी थाना क्षेत्र के ग्राम भकरौली में साप्ताहिक फल एवं सब्जी बाजार को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा दोनों पक्षों को रविवार के दिन बाजार संचालन से रोकने के स्पष्ट आदेश के बावजूद बाजार लगाए जाने का मामला सामने आया है। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि वादी पक्ष की वीरवती बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ ने 21 मई 2026 को सुनवाई करते हुए आदेश दिया था कि याचिकाकर्ता और प्रतिवादी पक्ष के बीच विवाद को देखते हुए अगले आदेश तक दोनों पक्ष रविवार को फल एवं सब्जी बाजार का संचालन नहीं करेंगे। न्यायालय ने मामले में जवाब दाखिल करने के लिए समय देते हुए अगली सुनवाई 20 अगस्त 2026 निर्धारित की है।
इसके बावजूद आरोप है कि रविवार को भकरौली में प्रतिवादी पक्ष द्वारा साप्ताहिक बाजार का संचालन किया गया। शिकायत मिलने पर प्रशासन हरकत में आया। उपजिलाधिकारी गुन्नौर विकास कुमार के निर्देश पर नायब तहसीलदार अनुज कुमार को मौके पर भेजा गया। जांच के दौरान बाजार संचालित होती मिली और मौके पर बाजार लगाने से जुड़े लोग भी मौजूद पाए गए।
उपजिलाधिकारी गुन्नौर विकास कुमार ने बताया कि “माननीय उच्च न्यायालय का आदेश हमें प्राप्त हुआ है। आदेश की जानकारी थाना धनारी पुलिस को भी दे दी गई है। माननीय न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की साप्ताहिक बाजार लगाने की अनुमति नहीं दी गई है। न्यायालय ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक आगे कोई आदेश पारित नहीं हो जाता, तब तक रविवार की बाजार नहीं लगाई जाएगी।”
उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से आदेश का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया था, लेकिन शिकायत मिलने पर मौके की जांच कराई गई। नायब तहसीलदार की जांच में बाजार संचालित होने की पुष्टि हुई है। और मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बाजार को बंद कराया दिया गया है
वहीं नायब तहसीलदार अनुज कुमार ने बताया कि जांच के दौरान मौके पर साप्ताहिक बाजार संचालित होती मिली। संबंधित तथ्यों को रिपोर्ट में शामिल कर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है।
हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी बाजार लगने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। अब प्रशासन की रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



