गोड्डा
सुयोग्य मतदाता छुटे नहीं एवं अयोग्य मतदाता जुड़े नहीं : उपायुक्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम को लेकर जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) – 2026 की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, निर्वाचन से जुड़े पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र एवं योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उपायुक्त ने बताया कि झारखंड राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 01 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि (Qualifying Date) निर्धारित किया गया है तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए सभी संबंधित पक्षों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मतदाताओं की मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की व्यवस्था के संबंध में भी विस्तार से जानकारी साझा की गई। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न श्रेणी के मतदाताओं से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। बैठक में विशेष रूप से इस बात पर बल दिया गया कि पात्र मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ समयबद्ध तरीके से पुनरीक्षण प्रक्रिया में शामिल कराने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाना आवश्यक है। उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में एससी-एसटी बहुल क्षेत्र एवं वैसे क्षेत्र जहां पर साक्षरता दर कम है व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाएं तथा पात्र मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की शीघ्र प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा सके। बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए एसआईआर – 2026 से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा आलोक वरण केसरी, जिला परिवहन पदाधिकारी सह उप निर्वाचन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन शाखा के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



