गाजियाबाद

 84 घंटे बाद भी नहीं मिला ओमकार उर्फ ओमन, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया सडक जाम

लोनी के गनौली गांव में बढ़ा आक्रोश, महिलाओं समेत सैकड़ों लोग सड़क पर उतरे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी कोतवाली क्षेत्र स्थित गनौली गांव निवासी ओमकार उर्फ ओमन के कथित अपहरण मामले में लगभग 84 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। घटना के खुलासे में देरी से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बंथला-चिरौड़ी मार्ग और चिरोगी-रटौल मार्ग पर जाम लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल रहीं। ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द ओमकार की बरामदगी की मांग करने लगे। हालात को देखते हुए गांव और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर भी धरना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जल्द कार्रवाई करने और मामले का खुलासा करने की मांग की। विधायक ने कहा कि परिवार बेहद परेशान है और पुलिस को तेजी से काम करना चाहिए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के खुलासे के लिए करीब एक दर्जन टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। हालांकि अब तक पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है। गांव में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस की कार्यप्रणाली तथा कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, यह मामला अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
फिलहाल पुलिस लगातार छापेमारी और पूछताछ में जुटी हुई है, लेकिन ओमकार उर्फ ओमन का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button