मोदीनगर

रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल रंगे हाथ गिरफ्तार

एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मोदीनगर। एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में आबकारी विभाग में तैनात हेड कांस्टेबल जगत सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल एंटी करप्शन टीम उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल जगत सिंह पिछले सात वर्षों से मोदीनगर सर्किल में तैनात था। इससे पहले उसकी तैनाती मेरठ में रही है। मूल रूप से वह उत्तराखंड के हल्द्वानी का निवासी है, जबकि वर्तमान में अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में रह रहा है।

सिहानी गांव निवासी भीम सिंह भोजपुर क्षेत्र के तलहटा गांव में देसी शराब का ठेका संचालित करते हैं। भीम सिंह का आरोप है कि हेड कांस्टेबल जगत सिंह पिछले करीब चार महीनों से उनसे प्रतिमाह छह हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था तथा लगातार उत्पीड़न कर रहा था।

पीड़ित ने बताया कि आरोपी हेड कांस्टेबल एक माह की “मंथली” के रूप में पहले भी छह हजार रुपये वसूल चुका था। कथित अवैध वसूली और उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम का गठन किया गया। योजना के तहत बुधवार को मोदीनगर तहसील परिसर स्थित आबकारी कार्यालय के पास निगरानी रखी गई। आरोप है कि जैसे ही हेड कांस्टेबल ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button