तामुलपुर के विधायक विश्वजीत डैमरी को असम मंत्रिमंडल में जगह, क्षेत्र में उत्साह।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के तामुलपुर विधानसभा चुनाव क्षेत्र से विधायक तथा असम विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष विश्वजीत डैमरी को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने राज्य मंत्रिमंडल विस्तार के तहत विश्वजीत डैमरी पर भरोसा जताते हुए उन्हें मंत्रिपद की जिम्मेदारी सौंपी है। स्थानीय लोगों, समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि तामुलपुर को पहली बार राज्य सरकार में मजबूत प्रतिनिधित्व मिला है, जिससे क्षेत्र की विकास संबंधी अपेक्षाओं को नई गति मिलने की संभावना है। विश्वजीत डैमरी ने मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे धन्यवाद देते हैं और मिले दायित्व को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। डैमरी के समर्थकों का मानना है कि उनके अनुभव, संगठनात्मक पकड़ और विधायी कार्यों की समझ का लाभ राज्य सरकार को मिलेगा। खासकर तामुलपुर और आसपास के क्षेत्रों की जनता को उम्मीद है कि अब उनकी स्थानीय समस्याएँ और विकास की ज़रूरतें सरकार के उच्च स्तर तक और मजबूती से पहुँचेंगी। गौरतलब है कि असम में मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया के तहत 5 जून को 12 नए चेहरों को जिम्मेदारी दी जायेगी । इसी कड़ी में विश्वजीत डैमरी का नाम शामिल होने को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तामुलपुर के लोगों का कहना है कि यह सिर्फ व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इस निर्णय के बाद तामुलपुर और बोडोलैंड क्षेत्र के राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। लोग इसे मुख्यमंत्री की रणनीतिक पहल और क्षेत्रीय संतुलन के दृष्टिकोण से देख रहे हैं। बता दें कि 5 जून को विश्वजीत डैमरी अन्य 11 मंत्रीयो के साथ राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य द्वारा अपने मंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे।



