शामली

शामली को मिली पर्यटन विकास की बड़ी सौगात

6.39 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह बोले- धार्मिक और इको टूरिज्म से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
शामली। जनपद शामली को पर्यटन विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। गुरुवार को प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने 6.39 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने 169.89 लाख रुपये की दो परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 469.85 लाख रुपये की पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास कर जनपद में धार्मिक एवं इको टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। बेहतर कानून-व्यवस्था, सुशासन और मजबूत कनेक्टिविटी के कारण प्रदेश में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल रही है।
169.89 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण
पर्यटन मंत्री ने कैराना स्थित देवी मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों पर 96.36 लाख रुपये तथा विकास खंड इस्सोपुर टील के प्राचीन शिव मंदिर के पर्यटन विकास पर 73.53 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन कार्यों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
4.70 करोड़ की पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास
मंत्री ने 469.85 लाख रुपये की पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें मराठा कालीन प्राचीन सिद्धपीठ श्री सदाशिव मंदिर में पर्यटक सुविधाओं का विकास, मामौर झील को इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करना, ग्राम अट्टा स्थित श्री गोरखनाथ बाबा जाहरवीर गोगाजी स्थल का पर्यटन विकास, गुरुद्वारा साहिब में सुविधाओं का विस्तार तथा पुवारखेड़ा स्थित श्री महादेव मंदिर में पर्यटक सुविधाओं का विकास शामिल है।
“विकास भी, विरासत भी” की दिशा में कदम
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि शामली की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों को पर्यटन की मुख्यधारा से जोड़कर जनपद को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित की जा रही परियोजनाएं आने वाले समय में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेंगी तथा “विकसित उत्तर प्रदेश” के संकल्प को मजबूती देंगी
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button