
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और बड़े सपनों के सामने कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। खैरथल के होनहार युवा निश्चय प्रताप ने इसी बात को सच साबित करते हुए देश की प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी *BHEL* की आकर्षक नौकरी छोड़कर देश के सर्वोच्च प्रबंधन संस्थानों में शुमार *IIM* अहमदाबाद में प्रवेश प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है।
मिट्टी से मैनेजमेंट तक का प्रेरणादायक सफर
इंजीनियर पॉइंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खैरथल के पूर्व छात्र निश्चय प्रताप ने 11वीं और 12वीं की पढ़ाई यहीं से पूरी की। स्कूली शिक्षा के दौरान ही उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और आगे चलकर NIT सिलचर से बी.टेक. की डिग्री प्राप्त की।
स्नातक के बाद उन्हें देश की महारत्न कंपनी BHEL में इंजीनियर के पद पर नियुक्ति मिली। तीन वर्षों तक उन्होंने सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं दीं, लेकिन उनके सपने इससे भी बड़े थे। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने CAT परीक्षा की तैयारी जारी रखी और अपने अथक प्रयासों के बल पर देश के सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन संस्थान IIM अहमदाबाद में प्रवेश हासिल कर लिया।
स्कूल में हुआ भव्य स्वागत
अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद जब निश्चय प्रताप इंजीनियर पॉइंट स्कूल पहुंचे तो विद्यालय परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विद्यालय के डायरेक्टर आजाद चौधरी एवं प्राचार्य राजेश कुमार ने पुष्पमालाएं पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर उनका सम्मान किया। विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला।


