सिंगरौली
निगाही सीएचपी में फिर घुसी शुक्ला गैंग
मशीनरी पार्ट्स ले जाते तीन लोगों ने सुरक्षा गार्ड से की मारपीट

साइलो नंबर-1 के पास गश्त के दौरान पकड़े गए संदिग्ध, महेश शुक्ला, राजकुमार शुक्ला और उमेश शुक्ला के खिलाफ नामजद एफआईआर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। एनसीएल की निगाही परियोजना की सीएचपी में मशीनरी पार्ट्स चोरी का प्रयास और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया है। बुधवार शाम साइलो नंबर-1 के पास मशीनरी पार्ट्स ले जा रहे तीन लोगों को सुरक्षा गार्ड ने रोकने की कोशिश की तो आरोप है कि तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। घटना में सुरक्षा गार्ड को चोट आई है। मामले में नवानगर पुलिस ने महेश शुक्ला, राजकुमार शुक्ला और उमेश शुक्ला के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
गश्त के दौरान मशीनरी पार्ट्स ले जाते दिखे तीन लोग
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, सुरक्षा गार्ड दिव्यम कुमार शर्मा (33) की ड्यूटी 11 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक निगाही परियोजना में गश्त की थी। शाम करीब 5:30 बजे वह सीएचपी साइलो नंबर-1 के पास पहुंचे। इसी दौरान निगाही मोड़ की ओर जा रहे तीन लोग एनसीएल के मशीनरी पार्ट्स ले जाते दिखाई दिए। दिव्यम ने अपने साथ मौजूद रामप्रवेश शाह के साथ उन्हें रोककर पूछताछ की।
रोकने पर विवाद, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, रोकने पर तीनों ने विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। घटना में दिव्यम कुमार शर्मा को चोट आई। उन्होंने तत्काल मोबाइल से सुरक्षा निरीक्षक सत्येंद्र पांडेय को सूचना दी। सुरक्षा निरीक्षक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों लोग वहां से जा चुके थे।
तीनों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज
घटना के बाद सुरक्षा गार्ड ने सुरक्षा निरीक्षक और रामप्रवेश शाह के साथ नवानगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महेश शुक्ला, राजकुमार शुक्ला और उमेश शुक्ला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी) और 119(1) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।



