
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : क्षेत्र में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और बार-बार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति से परेशान लोगों का गुस्सा गुरुवार को आखिरकार फूट ही पड़ा। लोनी बॉर्डर क्षेत्र की राजनगर समेत आसपास की कई कॉलोनियों के सैकड़ों महिला-पुरुष बलराम नगर बिजलीघर पहुंच गए और वहां जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में आक्रोशित लोगों ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर जाम लगाकर यातायात रोक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी बलराम नगर बिजलीघर पहुंचे। नाराज लोगों ने बिजली आपूर्ति कक्ष में प्रवेश कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख बिजली विभाग के अधिकारी मौके से भाग खड़े हुए । इसके बाद पुलिस ने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को बिजलीघर परिसर से बाहर निकाला।
इसके बावजूद लोगों का आक्रोश शांत नहीं हुआ और वे बिजलीघर के सामने स्थित दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर पहुंच गए। वहां सड़क जाम कर लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कुछ ही देर में मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।
मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने लोगों को बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ने से फीडरों पर ओवरलोडिंग हो रही है, जिससे वे बार-बार ट्रिप कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार रात कच्चे बलराम नगर स्थित मुख्य फीडर से एक ट्रक के टकरा जाने से भी बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई, जिसके कारण कई क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रभावित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कर दी जाएगी और आगे व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। इसके पश्चात पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात को सामान्य कराया और हालात पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।




