यूपी पुलिस-वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय की ‘राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा कार्यशाला-2026’ शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। उत्तर प्रदेश पुलिस और श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को ‘राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा कार्यशाला-2026’ का शुभारंभ हुआ। डॉ. सी.वी. रमन सभागार में आयोजित उद्घाटन सत्र में साइबर विशेषज्ञ अमित दुबे, पुलिस अधीक्षक लाखन सिंह यादव, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, डिप्टी एसपी अंजलि कटारिया सहित विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
विश्वविद्यालय के अनुसार, दो सप्ताह तक चलने वाली इस कार्यशाला में इंजीनियरिंग, साइबर प्रबंधन और साइबर कानून से जुड़े 850 से अधिक छात्र, साइबर सुरक्षा उत्साही और प्रतिभागी देश के 28 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से हिस्सा ले रहे हैं। मुंबई, हैदराबाद, गुरुग्राम, बेंगलुरु, दिल्ली और कोलकाता समेत विभिन्न शहरों से आए दो दर्जन से अधिक साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ प्रतिभागियों को हैकिंग, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, मालवेयर, रैनसमवेयर और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों की रोकथाम और जांच से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण देंगे।
मुख्य वक्ता अमित दुबे ने कहा कि साइबर अपराधियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस और ‘साइबर योद्धाओं’ को अपराधियों से “दस गुना आगे” सोचने की क्षमता विकसित करनी होगी। वहीं एसपी लाखन सिंह यादव ने बढ़ते साइबर अपराधों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चुनौती बताते हुए पुलिस के साथ जागरूक छात्रों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने कहा कि अमरोहा पुलिस देशभर में साइबर जागरूकता और साइबर योद्धा तैयार करने का अभियान चला रही है।
विश्वविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि ने आयोजन के लिए यूपी पुलिस को बधाई दी, जबकि प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने बताया कि संस्थान ने साइबर सुरक्षा, डिजिटल धोखाधड़ी और ई-कॉमर्स फ्रॉड से जुड़े कई प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। डिप्टी एसपी अंजलि कटारिया ने बताया कि कार्यशाला का समापन 22 जून को होगा और सफल प्रतिभागियों को यूपी पुलिस की ओर से प्रमाणपत्र तथा विश्वविद्यालय की ओर से तीन क्रेडिट प्रदान किए जाएंगे।



