
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर सड़क किनारे बनी अवैध मजार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर इसको ध्वस्त दिया। यह कार्रवाई यूपीसीडा (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के निर्देश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हज़रत शहीद चिश्ती बाबा के नाम से बनी मजार यूपीसीडा की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित बताई गई थी। प्रशासन की ओर से संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस जारी कर नियमानुसार जवाब देने का अवसर दिया गया था।आज भी मौके पर पहुंचकर लाउडस्पीकर से धोषणा की गई।निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद मजार के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई।इस कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी और उपजिलाधिकारी (लोनी) दीपक सिंहावल ने किया। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल लगाया गया था। मौके पर पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
उपजिलाधिकारी दीपक सिंहावल ने बताया कि अवैध निर्माण को लेकर पहले नोटिस जारी किया गया था। नियमानुसार सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
वहीं डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था और पूरे अभियान के दौरान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
प्रशासन का कहना है कि मजार भले ही पुरानी थी, लेकिन जिस भूमि पर इसका निर्माण किया गया था वह यूपीसीडा की सरकारी जमीन है और उस पर किया गया निर्माण अवैध श्रेणी के क्षेत्र में आता है।
उल्लेखनीय है कि गाजियाबाद जिला प्रशासन द्वारा हाल के दिनों में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इससे पहले मसूरी क्षेत्र के कल्लूगढ़ी में अवैध मदरसे पर भी बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा खोड़ा और लोनी क्षेत्र में भी सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान जारी है।


