ललितपुर
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : प्रभारी मंत्री
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां

लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र, चेक व आवास की चाबियां
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत प्रभारी मंत्री एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, स्मार्ट फोन, कृषि यंत्र, ऋण स्वीकृति पत्र, डेमो चेक एवं मुख्यमंत्री आवास की चाबियां वितरित कीं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक सहित अन्य अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। समीक्षा बैठक के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की नवीनतम रैंकिंग में ललितपुर जनपद को प्रदेश में 13वां स्थान प्राप्त हुआ है। साथ ही 53 योजनाओं को ए ग्रेड तथा 8 योजनाओं को बी एवं सी ग्रेड प्राप्त हुए हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी योजना की रैंकिंग में गिरावट नहीं आनी चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार शहरों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घंटे के भीतर बदला जाए अथवा उनकी मरम्मत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विजिलेंस के नाम पर आम जनता का अनावश्यक उत्पीडऩ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी जनहितकारी योजना को बजट के अभाव में नहीं रोका जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे तथा पीड़ितों को समय पर न्याय मिले। कार्यक्रम में 10 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन, 16 लाभार्थियों को लगभग 1 करोड़ 22 लाख 56 हजार रुपये के ऋण एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली, 4 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना की डेमो चाबी, 5 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, 6 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के प्रशस्ति पत्र, एक महिला लाभार्थी को रिवॉल्विंग फंड का डेमो चेक, एक बीसी सखी को थर्मल प्रिंटर तथा पांच बीसी सखियों को साड़ी वितरित की गई। इसके अलावा किसान लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपकर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने केन्द्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। इस दौरान राज्यमंत्री मनोहर लाल, विधायक रामरतन कुशवाहा, पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, जिलाध्यक्ष हरीशचंद्र, राज्य महिला आयोग सदस्य अर्चना पटेल, एमएलसी प्रतिनिधि केदारनाथ तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें सीडीओ शेषनाथ चौहान, डीएफओ नवीन प्रकाश शाक्य, एडीएम नमामि गंगे संजय मिश्र, सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद, डीसी मनरेगा रमेश कुमार यादव, डीडीओ अतिरंजन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे।



