गाजियाबाद
लोनी ब्लॉक में तीन दिवसीय मेगा जनकल्याणकारी कैंप का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे “विकसित भारत की ऐतिहासिक यात्रा” अभियान के तहत रविवार को लोनी ब्लॉक परिसर में तीन दिवसीय मेगा जनकल्याणकारी कैंप का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह ने किया।
कैंप में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, विद्युत विभाग, कृषि विभाग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की जानकारी दी तथा प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक विकास अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष चौहान, संतोष मिश्रा, अश्विनी कुमार, जितेंद्र गुप्ता, भाजपा उपाध्यक्ष मास्टर राजकुमार, रामकुमार त्यागी, आकाश गौतम, नगर पालिका के सभासद, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है और ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
यह मेगा कैंप अगले तीन दिनों तक संचालित रहेगा, जिसमें क्षेत्र के लोग विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।



