मथुरा
वृंदावन के इस्कॉन मंदिर पर कूलर में करंट से श्रद्धालु की माैत

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में नगर निगम की बड़ी लापरवाही के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस्कॉन मंदिर के गेट के पास नगर निगम द्वारा लगाए गए शॉवर कूलर में करंट उतरने से मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी 21 वर्षीय श्रद्धालु अभिज्ञान गुप्ता की मौत हो गई। मृतक अपने पिता के साथ ठाकुर बांके बिहारीजी के दर्शन करने आया था और अपने पिता का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद युवक को तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने मानसून के दौरान बिजली उपकरणों के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश जताया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।



