
अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों के आंदोलन से आमजन परेशान, राजस्व संग्रह पर भी पड़ा असर
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : लोनी तहसील स्थित उपनिबंधक (सब-रजिस्ट्रार) कार्यालय में चल रहे अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों के आंदोलन का असर बुधवार को छठे दिन भी देखने को मिला। हड़ताल के कारण रजिस्ट्री और बैनामा सहित पंजीकरण से जुड़े सभी कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे, जिससे कार्यालय में कामकाज पूरी तरह ठप रहा।
कार्यालय में सेवाएं बंद रहने के चलते जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा। कई लोगों ने बताया कि उनके लगातार कई दिनों से रजिस्ट्री कार्य नहीं होने के कारण उनके जरूरी कार्य बीच में लटके हुए पड़े हैं।
आंदोलन में शामिल अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों का कहना है कि उनकी विभिन्न मांगें लंबे समय से अधर में हैं। उनका आरोप है कि संबंधित मुद्दों पर अब तक कोई ठोस पहल सरकार द्वारा नहीं की गई है। इसी के विरोध में वे कार्य बहिष्कार कर रहे हैं।
लगातार छह दिनों से रजिस्ट्री कार्य बंद रहने का असर सरकारी राजस्व पर भी पड़ रहा है। स्टाम्प शुल्क और पंजीकरण शुल्क के रूप में होने वाली आय प्रभावित हुई है। वहीं, तहसील परिसर में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम गतिविधियां देखने को मिलीं।
आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि आम लोगों को हो रही असुविधा भी समाप्त हो सके।



