बेतुल
बैतूल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 7785 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए अपनाएं योग : हेमंत खंडेलवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयुष विभाग एवं सामान्य प्रशासन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों में जिलेभर के 7785 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। जिला स्तरीय मुख्य आयोजन अभिनंदन सरोवर के समीप स्थित मेजर ध्यानचंद हॉकी एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में हुआ, जहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने योग को स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन का आधार बताते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती एवं भगवान धन्वंतरि के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन नागर, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, रेड क्रॉस सोसायटी अध्यक्ष डॉ. अरुण जयसिंहपुरे, नगर पालिका उपाध्यक्ष महेश राठौर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, वनमंडल अधिकारी अरिहंत कोचर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, छात्र-छात्राएं तथा पतंजलि योग समिति, आर्ट ऑफ लिविंग, हार्टफुलनेस, ब्रह्माकुमारी और गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
अपने संबोधन में विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के अनेक देशों में योग के प्रति रुचि और स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं योग अपनाने तथा परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रभात पट्टन में विधायक चंद्रशेखर देशमुख की उपस्थिति में 290 लोगों ने योगाभ्यास किया तथा 220 लोगों का प्रकृति परीक्षण हुआ। शाहपुर में विधायक गंगाबाई उईके की उपस्थिति में 147 लोगों ने योग किया और 57 प्रकृति परीक्षण हुए। घोड़ाडोंगरी में नगर परिषद अध्यक्ष मीरावंती नंदकिशोर उईके की मौजूदगी में 56 लोगों ने योगाभ्यास किया तथा 43 प्रकृति परीक्षण किए गए। भैंसदेही में मंडल अध्यक्ष दिलीप घोरे की उपस्थिति में 123 लोगों ने योग किया और 107 प्रकृति परीक्षण हुए।
आमला में अमित घुरमाडे की उपस्थिति में 110 लाभार्थियों ने योगाभ्यास किया तथा 98 प्रकृति परीक्षण हुए। मुलताई में जगदीश पवार और गणेश साहू की मौजूदगी में 431 लोगों ने योग किया तथा 67 प्रकृति परीक्षण किए गए। आठनेर में नगर परिषद अध्यक्ष सुषमा मनोज जगताप की उपस्थिति में 556 लोगों ने योगाभ्यास किया और 223 प्रकृति परीक्षण हुए। भीमपुर में जनपद पंचायत अध्यक्ष भैयालाल इरपाचे की उपस्थिति में 157 लोगों ने योग किया तथा 46 प्रकृति परीक्षण हुए। चिचोली में नगर परिषद अध्यक्ष वर्षा मालवीय की मौजूदगी में 86 लोगों ने योगाभ्यास किया और 71 प्रकृति परीक्षण हुए। वहीं बैतूल विकासखंड में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल की उपस्थिति में 2000 लोगों ने योगाभ्यास किया तथा 243 प्रकृति परीक्षण किए गए। इसके अतिरिक्त जिलेभर की विभिन्न संस्थाओं में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयुष विभाग के अनुसार पूरे जिले में कुल 7785 लोगों ने योगाभ्यास किया, जबकि 1175 लोगों का प्रकृति परीक्षण किया गया। योग दिवस के माध्यम से नागरिकों ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।




