गाजियाबाद

लोनी नगरपालिका पालिका बोर्ड बैठक में 13 प्रस्ताव पास

करीब 300 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। नगर पालिका परिषद लोनी की बोर्ड बैठक सोमवार को पालिका अध्यक्ष रंजीता धामा की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी, सभासदों और पालिका अधिकारियों की मौजूदगी में नगर विकास से जुड़े करीब 300 करोड़ रुपये के विभिन्न प्रस्तावों के कार्यों को मंजूरी दी गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट समेत कुल 13 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से बोर्ड बैठक में पारित किए गए।
बैठक के दौरान जलभराव, सफाई व्यवस्था, प्रदूषण, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, पार्कों के सौंदर्यीकरण, बच्चों के लिए लाइब्रेरी स्थापना और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सभासदों ने जनहित से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
गृहकर में ब्याज माफी की मांग भी उठाई
बैठक में गृहकर वसूली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सभासदों ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में गृहकर के रूप में अब तक करीब 12 करोड़ रुपये की वसूली हुई है, जबकि यह राशि लगभग 18 करोड़ रुपये होनी चाहिए  थी। इस पर बकाया गृहकर पर लगाए गए ब्याज को माफ करने की मांग उठाई गई। सभासदों का कहना था कि ब्याज माफी योजना लागू होने से अधिक लोग अपना गृह कर  जमा करने के लिए प्रेरित होंगे और पालिका की आय में वृद्धि होगी।
हर वार्ड में होंगे विकास कार्य
बोर्ड बैठक में प्रत्येक वार्ड में 30 से 40 लाख रुपये तक के विकास कार्य कराने को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा प्रमुख सड़कों और चौराहों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, डिवाइडरों की मरम्मत और नगर सीमा पर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाने के प्रस्ताव भी पास किए गए।
सफाई व्यवस्था पर सभासदों ने जताई नाराजगी
बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर सभासदों ने नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि सफाई कार्य के लिए एबीए इनवायरो प्राइवेट लिमिटेड को पांच वर्ष के लिए ठेका दिया गया है, लेकिन लगभग दो माह बीत जाने के बाद भी अधिकांश वार्डों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। सभासदों ने आरोप लगाया कि कंपनी के पास पर्याप्त वाहन और सफाई कर्मचारी नहीं हैं, जिसके कारण नियमित सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। कई वार्डों में कूड़ा उठाने वाले वाहन समय पर नहीं पहुंच रहे हैं।
अवैध डेयरियों और गोबर निस्तारण पर बनेगी व्यवस्था
बैठक में रिहायशी क्षेत्रों में संचालित डेयरियों से फैल रही गंदगी और नालियों में गोबर बहाए जाने का मुद्दा भी उठा। बोर्ड ने अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई तथा गोबर के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए एनजीओ अथवा फर्म के माध्यम से व्यवस्था विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। मुख्य मार्गों के किनारे बने कूड़ा स्थलों को हटाने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी सहमति बनी।
जलभराव, प्रदूषण और पेयजल पर चर्चा
बरसात के दौरान होने वाले जलभराव, बढ़ते प्रदूषण और पेयजल आपूर्ति की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभासदों ने नालों और नालियों की समयबद्ध सफाई कराने तथा नागरिकों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। नगर के रोड और ड्रेनेज नेटवर्क की सटीक जानकारी के लिए रिमोट सेंसिंग सर्वे कराकर रोड डायरेक्टरी और ड्रेनेज डायरेक्टरी तैयार कराने का निर्णय लिया गया।
पार्कों का सौंदर्यीकरण, लाइब्रेरी और आरओ प्लांट
बैठक में नगर के पार्कों के सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र बढ़ाने और बच्चों के लिए सार्वजनिक लाइब्रेरी स्थापित करने के प्रस्तावों को समर्थन मिला। इसके अलावा मंदिर, मस्जिद और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आरओ प्लांट लगाने का निर्णय भी लिया गया, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
आधुनिक स्ट्रीट लाइट और वाटर सप्लाई प्लान को मंजूरी
ईईएसएल का अनुबंध समाप्त होने के बाद पालिका द्वारा स्वयं स्ट्रीट लाइट खरीदकर सेंसर आधारित आधुनिक प्रकाश व्यवस्था लागू करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। साथ ही शहर का समग्र वाटर सप्लाई और ड्रेनेज प्लान तैयार कराया जाएगा। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाए जाएंगे और नगर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
निराश्रित गौवंश की समस्या भी उठी
बैठक में निराश्रित गौवंश की समस्या पर भी चिंता जताई गई। सभासदों ने सड़कों पर घूम रहे पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में सुरक्षित रखने की मांग की, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और यातायात बाधाओं को रोका जा सके।
अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी ने कहा कि बोर्ड द्वारा पारित प्रस्तावों पर शीघ्र अमल शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण, बेहटा हाजीपुर नहर की सफाई, आधुनिक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और नगर के प्रवेश द्वारों के निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा। बैठक के अंत में नगर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए सभी प्रस्तावों पर सहमति बनी। बैठक में अंकुश जैन मिकू, रुपेन्द्र चौधरी, रामनिवास त्रिपाठी , आदर्श कुमार, अमित तोमर, गुलजार अल्वी,अंजली मोहन, लज्जा देवी, रोहित भारद्वाज सहित अधिकांश सभासद शामिल हुए
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button