बेतुल
बैतूल पूर्व सहायक आयुक्त के कार्यकाल के तबादलों पर घिरा जनजातीय विभाग
नवागत अधिकारी ने दिया समाधान का भरोसा

शिक्षक संगठनों ने सौंपा ज्ञापन, कलेक्टर के हस्तक्षेप की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जनजातीय कार्य विभाग बैतूल की नवागत सहायक आयुक्त श्रीमती वत्सला शिवहरे का विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान 16 जून को जारी जनजातीय कार्य विभाग की स्थानांतरण सूची में सामने आई कथित विसंगतियों और अनियमितताओं को लेकर शिक्षक संगठनों ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए तत्काल निराकरण की मांग की।
प्रदेश महामंत्री एवं जिलाध्यक्ष नारायण सिंह नगदे तथा पुरानी पेंशन बहाली संगठन के जिलाध्यक्ष रवि सरनेकर ने आरोप लगाया कि पूर्व सहायक आयुक्त विवेक पांडे के कार्यकाल में जारी स्थानांतरण आदेशों में स्थानांतरण नीति एवं शासकीय नियमों की अनदेखी करते हुए अंधाधुंध तबादले किए गए हैं। शिक्षक संगठनों का कहना है कि जिले के अनेक विद्यालयों में एक ही रिक्त पद पर दो-दो स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए गए हैं। एक आदेश सहायक आयुक्त कार्यालय बैतूल से जारी हुआ, जबकि दूसरे शिक्षक का स्थानांतरण भोपाल स्थित मंत्रालय, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा उसी पद पर कर दिया गया। ऐसे लगभग 25 से अधिक विद्यालय बताए जा रहे हैं, जिससे विभाग में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है।
समग्र शिक्षक व्याख्याता प्राचार्य कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र मालवीय एवं राजेंद्र साहू ने बताया कि अब सबसे बड़ी समस्या यह खड़ी हो गई है कि एक ही पद पर जारी दो स्थानांतरण आदेशों में किस शिक्षक को कार्यभार ग्रहण कराया जाए। आजाक्स के जिलाध्यक्ष श्याम ब्राहम्ने ने बताया कि बिना किसी शिकायत तथा अच्छे परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों के भी वर्तमान पदस्थापना स्थल से लगभग 60 से 70 किलोमीटर दूर स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए गए हैं।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि स्थानीय स्तर से स्थानांतरित अनेक शिक्षकों ने जल्दबाजी में नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है, लेकिन अब मंत्रालय से ऑनलाइन स्थानांतरित शिक्षकों की ज्वाइनिंग को लेकर नई समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे मामलों की संख्या 50 से 100 तक होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रदेश महामंत्री नारायण सिंह नगदे ने कहा कि मंत्रालय स्तर से स्थानांतरित शिक्षकों को ज्वाइनिंग दिलाने की जिम्मेदारी अब सहायक आयुक्त कार्यालय बैतूल को ही निभानी होगी, क्योंकि एक पद पर केवल एक ही शिक्षक का वेतन आहरित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते स्थानांतरण सूची में संशोधन कर न्यायसंगत कार्रवाई नहीं की गई तो जनजातीय कार्य विभाग बैतूल के समक्ष बड़ी प्रशासनिक चुनौती खड़ी हो जाएगी।
नवागत सहायक आयुक्त श्रीमती वत्सला शिवहरे ने शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि सभी विसंगतियों के निराकरण के लिए बैतूल कलेक्टर के निर्देश एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर मंत्रालय से स्थानांतरित शिक्षकों के पदस्थापन संबंधी समाधान निकाला जाएगा।
– दिव्यांग कर्मचारियों के स्थानांतरण निरस्त करने सौंपा अभ्यावेदन
शिक्षक संगठनों ने 45 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग कर्मचारियों के स्थानांतरण निरस्त करने संबंधी अभ्यावेदन भी सौंपा। वहीं प्रशासनिक आधार पर कथित रूप से गलत तरीके से किए गए स्थानांतरण आदेशों के संबंध में अंतिम निर्णय कलेक्टर स्तर पर लिए जाने की बात भी कही गई है।
शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थानांतरण सूची में मौजूद विसंगतियों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो जिले में शिक्षकों के बीच असंतोष और बढ़ेगा। उनका दावा है कि एक पद पर दो-दो शिक्षकों के कार्यभार ग्रहण करने जैसी स्थिति प्रदेश में संभवतः पहली बार सामने आई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली दोनों पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।



