
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल : खैरथल निवासी एक महिला को झाड़-फूंक और भूत-प्रेत का डर दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी खैरथल निवासी राजेंद्र प्रसाद शर्मा और आंधाकी,पुन्हाना निवासी मौलवी
नूरुद्दीन पुत्र सद्दर को खैरथल पुलिस ने गिरफ्तार किया है पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है और एक अन्य मुख्य आरोपी आबिद मौलवी की तलाश जारी है
खैरथल पुलिस ने बताया कि दांतला क्षेत्र निवासी पूजा देवी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में परिवार की परेशानियों के दौरान पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उन्हें एक कथित तांत्रिक से मिलवाया। तांत्रिक ने घर में जिन्न और बुरी शक्तियों का साया होने का दावा करते हुए परिवार के किसी सदस्य की जान जाने तक की आशंका जताई। आरोप है कि भय का माहौल बनाकर आरोपियों ने झाड़-फूंक, पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान कराने के नाम पर लगातार रुपये मांगने शुरू कर दिए।
शिकायत के अनुसार, पहले 25 हजार रुपये लिए गए और बाद में विभिन्न अनुष्ठानों, मौलवियों को बुलाने तथा पूजा सामग्री के नाम पर कई किश्तों में लाखों रुपये वसूल लिए गए। पीड़िता का आरोप है कि परिवार ने बैंक खातों से पैसे निकालकर आरोपियों को दिए। कई बार घर और अन्य स्थानों पर पूजा-पाठ व झाड़-फूंक की रस्में कराई गईं, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने रुपये वापस मांगने और पुलिस कार्रवाई की बात कही तो उन्हें कथित रूप से डराया-धमकाया गया। शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपियों ने कुल 32 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) और 318(6)सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन, खैरथल-तिजारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह, किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव तथा थानाधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में गठित टीमों ने लगातार सूचना संकलित कर आरोपियों की तलाश की।
पुलिस को जानकारी मिली कि मामले की भनक लगने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे थे। इसके बावजूद पुलिस ने 22 जून को हरियाणा के मेवात क्षेत्र में दबिश देकर नूरदीन को बिछौर पुलिस के साथ खैरथल पुलिस ने आंधाकी गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया ।
खैरथल पुलिस ने लोगो अपील की है कि भूत-प्रेत, टोना-टोटका और अंधविश्वास के नाम पर किसी के बहकावे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति पूजा-पाठ, बलि, तंत्र-मंत्र या अंधविश्वास के नाम पर धन की मांग करता है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें।
कार्रवाई करने वाली टीम मे थानाधिकारी रामकिशन यादव, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रताप, हेड कांस्टेबल संजय, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र, कांस्टेबल जोगेन्द्र, कांस्टेबल धनपाल सिंह तथा कांस्टेबल पुष्पेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



