
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। मुहर्रम के मौके पर बोकारो थर्मल में शुक्रवार को अकीदत, परंपरा और आपसी सौहार्द का अनोखा नजारा देखने को मिला। आकर्षक ढंग से सजाए गए ताजिया को लेकर विभिन्न इलाकों से भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।राजा बाजार, नूरीनगर, नई बस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों से निकले ताजिया जुलूस को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नूरनगर का ताजिया लालचौक, बस स्टैंड, झारखंड चौक, थाना चौक और हॉस्पिटल मोड़ होते हुए स्वामी विवेकानंद फुटबॉल ग्राउंड स्थित अखाड़ा मैदान पहुंचा, जहां नया बस्ती और राजा बाजार के ताजिया से मिलकर एकत्र हुआ।जुलूस के दौरान युवाओं ने अखाड़ों के साथ पारंपरिक करतबों और लाठी-डंडे के प्रदर्शन से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। रास्ते भर “या हुसैन, या हुसैन” के मातमी नारों से माहौल गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने ताजिया पर फूल और इत्र चढ़ाकर हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया। बोकारो थर्मल में निकला यह ताजिया जुलूस धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता नजर आया। जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा और ट्रैफिक व्यवस्था संभाली गई। पुलिस बल की निगरानी के बीच मुहर्रम का आयोजन सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शाम को सभी ताजिया को विधि-विधान से करबला ले जाकर सुपुर्दे खाक किया गया।




