बोकारो रेलवे स्टेशन पर एससी/एसटी रेल कर्मचारी एसोसिएशन ने मनाया झारखंड स्थापना दिवस एवं बिरसा मुंडा जयंती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्प्लाइज एसोसिएशन की ओर से बोकारो रेलवे स्टेशन परिसर में समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का नेतृत्व शाखा अध्यक्ष नारायण कालिंदी ने किया। मौके पर शाखा सचिव असीत मांझी, सहायक सचिव डीपी किस्कू सहित एसोसिएशन के अनेक सदस्य एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान झारखंड के गौरवशाली इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर आदिवासी समाज में नई चेतना जगाई। उनका जीवन आज भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान झारखंड राज्य के गठन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं बलिदान को भी याद किया गया। एसोसिएशन के सदस्यों ने राज्य की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता को बनाए रखने के साथ झारखंड के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया। समारोह में रेलवे कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।



