
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मुख्यमंत्री के 30 जून को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है और तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने एसपी सिटी, बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे व नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के साथ संभावित कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और हैलीपैड समेत सभी जरूरी इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया।
डीएम अविनाश सिंह ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। प्रशासन ने संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।



