जालौन
अस्पताल में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल में सीखे जीवन बचाने के गुण
डॉक्टरों, कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों का किया व्यवहारिक अभ्यास

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। किसी भी आपात स्थिति में मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे, इसी उद्देश्य से शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से अस्पताल के डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपदा के दौरान त्वरित और सुरक्षित बचाव की बारीकियां सिखाई गईं।
अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की संभावित परिस्थितियों का प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही एवं सुरक्षित उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को बिना घबराहट के सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और सतर्कता बरतने पर विशेष जोर दिया गया। चिकित्सकों ने कहा कि ऐसी मॉक ड्रिल केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि किसी भी अप्रत्याशित दुर्घटना में जनहानि को रोकने का प्रभावी माध्यम है। नियमित अभ्यास से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और बेहतर प्रतिक्रिया देना संभव होता है। इस अवसर पर डॉ. के.डी. गुप्ता, डॉ. योगेश आर्या, डॉ. सहदेव बिहारी गुप्ता, डॉ. राजीव दुबे, चीफ फार्मासिस्ट डॉ. पी.एन. शर्मा सहित अस्पताल का समस्त चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा।


