गाजियाबाद

अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद ने चारों खंडों में आयोजित किए 

जागरूकता एवं प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) दिवस के अवसर पर शनिवार को जन शिक्षण संस्थान, गाजियाबाद द्वारा जनपद के चारों खंडों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का संचालन संस्थान के निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह के निर्देशन तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया।
मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्थानीय सभासद श्रीमती विनीता अश्विनी कुमार तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती कुसुम लता शर्मा का स्वागत संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी गुरुदीन ने किया।
इस अवसर पर लोनी, मुरादनगर, रजापुर और भोजपुर खंड के विभिन्न उपकेंद्रों—लक्ष्मी गार्डन, बुद्ध नगर, बलराम नगर, सरस्वती विहार, राम विहार कॉलोनी (बंथला), कस्बा मुरादनगर, शक्ति नगर कॉलोनी, मयूर विहार कॉलोनी (डासना), ग्राम सैदपुर तथा गोविंदपुरी (मोदीनगर) में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य अतिथि श्रीमती विनीता अश्विनी कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को स्वरोजगार अपनाकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रेरित किया तथा भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती कुसुम लता शर्मा ने स्वयं के उद्यम की सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने सरकार की ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर छोटे स्तर से व्यवसाय शुरू किया और आज सफल उद्यमी के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्होंने लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार स्थापित करने का आह्वान किया।
समूह संयोजक प्रदीप वशिष्ठ ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास अधिनियम, 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि यह अधिनियम एमएसएमई क्षेत्र के विकास, प्रतिस्पर्धा बढ़ाने तथा उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है तथा खादी एवं ग्रामोद्योग भारत की गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
लोनी नगर पालिका की स्वयं सहायता समूहों की ब्रांड एंबेसडर श्रीमती नीलम श्रीधर ने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर प्रशिक्षण लेने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने समूह गठन और उद्यमिता विकास में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
पूर्व सभासद प्रत्याशी श्री सुमित धामा ने कहा कि स्वरोजगार की दिशा में सफलता के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण आवश्यक है। उन्होंने जन शिक्षण संस्थान द्वारा पिछड़े क्षेत्रों में कौशल विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान 60 लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए, जबकि कुल 132 प्रतिभागियों ने विभिन्न कार्यक्रमों में भागीदारी की।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी गुरुदीन ने किया। कार्यक्रमों को सफल बनाने में क्षेत्रीय सहायक मोहित, पंकज त्यागी, लेखाकार रामकुमार, फोटोग्राफर आकाश शर्मा तथा अनुदेशक शीतल कुमारी, प्राची, नेहा, दीपशिखा, सुषमा त्यागी, अर्चना, इलमा, अंशु गर्ग, सीमा सिद्दीकी, वंशिका, जेवर सिंह, खुशबू, मनु मुस्कान , फरहीन सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button